मंगलवार, 17 सितंबर 2013

विश्व ओजोन दिवस पर संगोष्ठी world ozone layer preservation day

विश्व ओजोन दिवस पर संगोष्ठी  world ozone layer preservation day
राजकीय उच्च विद्यालय  मंडेबरी(इमली इको क्लब राजकीय वरिष्ठ माध्य्मिल विद्यालय अलाहर के साथ सयुंक्त तत्वाधान में) मे विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।संगोष्ठी में सम्बोधित करते विज्ञान अध्यापक दर्शन लाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सोलह सितम्बर को विश्व भर में ओजोन दिवस मनाया जाता है। ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन की सुनिश्चितता के लिए अति महत्वपूर्ण है ओजोन परत के इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए पिछले पच्चीस वर्षों से भी अधिक समय से इसे बचाने के लिए विश्व भर में जागरूकता अभियान चलाये जा रहें हैं। वैज्ञानिकों को सन् 1970 के दौरान ओजोन आवरण के पतले होने के प्रमाण मिले थे। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए सन् 1985 में संपूर्ण विश्व ने वियना में इस समस्या के निपटने के लिए प्रयत्न करने आरंभ किए। इस ऐतिहासिक पहल को वियना संधि के नाम से भी जाना जाता है। इसके बाद समूचे विश्व ने इस मुददे पर गंभीरता से प्रयास शुरू किया जिसके फलस्वरूप 1987 मॉन्ट्रियल संधि हुई। सन् 1994 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ओजोन आवरण के संरक्षण के लिए हुई मॉन्ट्रियल संधि की स्मृति में सोलह सितंबर को विश्व ओजोन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की। विश्व ओजोन दिवस को मनाने के पीछे यह उद्देश्य था कि विश्व समुदाय के जेहन में ओजोन की परत बचाने के लिए  जागरूकता जाती उत्पन्न की जाए और इस कार्य में उल्लेखनीय सफलताएं मिली भी हैं।
मौलिक मुख्याध्यापक प्रदीप सरीन ने बच्चो को सम्बोधित करते हुए कहा कि असल में ओजोन की परत को हानि पहुंचाने में मनुष्य की ओद्योगिक तरक्की और विलासता के साधन जिम्मेदार हैं। वे रसायन जो ओजोन परत को क्षति पहुंचाते है, उन्हें ओजोन क्षयक रसायन कहते हैं। इनमें क्लोरोफ्लोरो कार्बन्स (सी एफ सी), मिथइल ब्रोमाइड आदि प्रमुख है । इनकी खोज सन् 1928 में हुई थी। क्लोरोफ्लोरो कार्बन्स फ्लोरीन, क्लोरीन व कार्बन से मिलकर बनते है । सी एफ सी का उपयोग फ्रीज व एअर कंडीशनर में प्रशीतलक के रूप में होता है।
सुपर सोनिक जेट विमानों से निकलने वाली नाइट्रोजन आक्साइड भी ओजोन की मात्रा को कम करने में जिम्मेदार है।
क्या है ओजोन व ओजोन परत
ओजोन हल्के नीले रंग की सक्रिय वायुमंडलीय गैस है। यह समताप मंडल में प्राकृतिक रूप से बनती है। यह आक्सीजन का ही रूप है। एक ओजोन अणु में तीन आक्सीजन परमाणु होते है।जो कि पृथ्वी से 20-25  किमी की ऊँचाई पर सबसे अधिक है और लगभग 75 किमी की ऊचांई से ज्यादा पर यह न के बराबर हो जाता है। यह कवच दिन में सूर्य की तेंज पराबैगनी किरणों से हमारी रक्षा करता है, और रात में पृथ्वी को ठंडी होने से बचाता है।
क्यों जरूरी है इसे बचाना 
ओजोन गैस रूपी यह कवच दिन में सूर्य की तेंज पराबैगनी विकिरणों से हमारी रक्षा करता है, और रात में पृथ्वी को ठंडी होने से बचाता है। यदि पृथ्वी पराबैगनी विकिरणों की चपेट मे आ जाए तो पृथ्वी पर जीवन खतरे मे पड़ जाएगा व मनुष्य समेत समस्त जीवों को त्वचा के कैंसर, ऑंखों का मोतियाबिंद अधिक होना, पाचन तंत्र में कमजोरी, पौधों की उपज घटना, समुद्रीय पारितंत्र में क्षति और मत्सय उत्पादन में कमी व अन्य खतरों से जूझना पड़ सकता है।
क्या है बचाव के उपाय 
ओजोन की परत को नष्ट होने से बचाने के लिए उद्योगो से कुछ हानिकारक रसायनों को बाहर करना होगा। चार प्रमुख रसायन क्लोरो फ्लोरों कार्बन, सीटीसी, हेलन्स और हाइड्रो क्लोरोफ्लोरो कार्बन को इस्तेमाल से बाहर करना होगा। वैश्विक प्रयासों से  विकासशील देशो को तकनीकी व वित्तीय मदद देकर उनकी इंडस्ट्री से इन क्षयकारी रसायनों को हटाकर वैकल्पिक अहानिकारक रसायनों के प्रयोग को बढ़ावा देने से वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 2050 तक ओजोन परत सामान्य स्तर पर आ जाएगी। वैश्विक स्तर पर इस बारे सामूहिक प्रयास जारी हैं और आशानुरूप पृथ्वी पर जीवन को बचाने की सम्भावना हेतु आमजन के लिए जागरूकता संचार भी जारी  है।
अखबारों मे 



मंगलवार, 4 जून 2013

विश्व पर्यावरण दिवस World Environment Day



विश्व पर्यावरण दिवस पर क्लब सदस्यों ने किया चिंतन मनन व पौधारोपण 
आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर  पर सी वी रमन विज्ञान क्लब व टेमारिंड इको क्लब के सदस्यों द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर मे एक पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमे  विश्व पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक मनुष्य के योगदान विषय पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के उन बिन्दुओं पर चर्चा की जिन को जीवन मे अपना कर हम पर्यावरण संरक्षण कर अपना कर्त्तव्य निभा सकते हैं। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने पौधारोपण  किया और सोच समझ कर भोजन करने व भोजन बचाने की शपथ भी ली। 
क्लब संरक्षक व विज्ञान अध्यापक दर्शन लाल बवेजा ने सदस्यों को विश्व पर्यावरण दिवस के बारे मे बताते हुए कहा कि हम घर मे ही अपने स्तर पर बहुत सी अच्छी आदते अपना कर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से पर्यावरण संरक्षण कर सकते हैं। इन बिन्दुओं पर चर्चा के दौरान क्लब सदस्यों के ज्ञानकोष से बहुत से क्रियाकलाप निकल कर आये जन्हें जीवन मे अपना कर व अपनी दैनिक गतिविधियों मे सुधार करके हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने कर्त्तव्यों को आसानी से निभा सकते हैं।

पर्यावरण संरक्षण मे क्लब सदस्यों के सुझाव
सभी व्यक्ति हर वर्ष यादगार अवसरों जैसे जन्मदिन आदि पर  पौधारोपण करे।
प्रत्येक गांव शहर में हर स्कूल व कॉलोनी में पर्यावरण संरक्षण समिति बनायी जाये।
निजी वाहनों को धोने मे कम से कम पानी प्रयुक्त  किया जाए।
टेलीविजन आवश्यकता अनुसार चलायें व उसकी की आवाज़ धीमी रखें।
जल व्यर्थ न बहायें और नलो की लीकेज ठीक करवाए।
सोलर उपकरणों का प्रयोग करना शुरू करें।
फर्श धोने में कम पानी का प्रयोग करें।
अनावश्यक बिजली की बत्ती जलती न छोडें।
कम्प्यूटर व अन्य इलेक्ट्रोनिक उपकरणों  को स्टैंडबाई ना छोड़े। 
पॉलीथिन का उपयोग न करें ना ही उसे जलाएं।
कचरा कूड़ेदान में ही डाले व ठोस कचरा प्रबंधन अपनाये।
पशु पक्षियों को पानी पिलायें।
नहाने व बर्तन कपड़े धोने मे जल का उचित प्रयोग करें।
घर मे किचन गार्डन बनाए नहीं तो गमलों मे पौधे अवश्य लगाए।
 कबसे शुरू हुआ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाना
विश्व पर्यावरण दिवस संयुक्त राष्ट्र द्वारा दुनियाभर में मनाया जाने वाला सबसे बड़ा पर्यावरण पर्व है। पर्यावरण प्रदूषण की समस्या पर सन् 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने स्वीडन के स्टाकहोम में दुनिया भर के देशों का प्रथम पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन मे विश्व के एक सौ उन्नीस देशों ने भाग लिया था यहीं पहली बार एक ही पृथ्वी का सिद्धांत और संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। प्रतिवर्ष 5 जून को पर्यावरण दिवस मना कर नागरिकों को प्रदूषण की समस्या से रूबरू कराने का निश्चय किया गया। पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए नागरिक व राजनीतिक चेतना की आवश्यकता को समझा गया।
 पर्यावरण के प्रदूषित होने के मुख्य करण
लगातार बढ़ रही आबादी, उद्योगीकरण, अनियंत्रित शहरीकरण, कृषी अवशेषों का जलाया जाना, वनस्पति इंधन, वाहनों कारखानों द्वारा छोड़ा जाने वाला धुंआ, नदियों तालाबों में गिरता हुआ दूषित जल, वनों का कटान, खेतों में कीटनाशकों उर्वरकों  का असंतुलित प्रयोग, पहाड़ों में भूस्खलन, मिट्टी का कटाव, पालीथिन को जलना आदि।
पर्यावरण संरक्षण अधिनियम
उन्नीस नवम्बर 1986 को पर्यावरण संरक्षण अधिनियम लागू हुआ जिसके अंतर्गत, पर्यावरण मे जल, वायु, भूमि से सम्बन्धित मनुष्य पोधे, सूक्ष्म जीव  अन्य जीवित पदार्थ आदि आते है। इस अधिनियम के पर्यावरण संरक्षण व गुणवत्ता हेतु सभी आवश्यक क़दम उठाना। पर्यावरण की गुणवत्ता के मानक निधर्रित करना। पर्यावरण प्रदूषण के निवारण, नियंत्रण और उपशमन हेतु राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम की योजना बनाना व उनका क्रियान्वन। उद्योगिक स्थलों का चयन व उद्योगों की स्थापना के मापदंड निर्धारित करना। अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के लिए कठोर दंड का प्रावधान आदि।
 ना बनाये महज एक रस्म अदायगी
ऐसा नहीं है कि आमजन पर्यावरण संरक्षण मे योगदान नहीं दे सकता परन्तु यदि कहा जाए तो यह पुनीत कार्य शुरू ही यहीं से होता है। मनुष्य अपने स्तर पर अपनी सूझबूझ से दैनिक क्रियाकलापो मे आमूलचूल परिवर्तन से ही पर्यावरण संरक्षण के लिए बहुत कुछ कर सकता है। बस आवश्यकता है तो सुझबुझ की न की महज रस्म अदायगी की।   
  

शनिवार, 16 फ़रवरी 2013

चमत्कारों का पर्दाफाश जागरूकता पर कार्यक्रम explaining miracles

चमत्कारों का पर्दाफाश जागरूकता पर कार्यक्रम explaining miracles
 आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर में अंधविश्वास निवारण एवं चमत्कारों का पर्दाफाश विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विज्ञान अध्यापक दर्शन लाल ने विद्यार्थियों को बताया कि भूत-प्रेत, दुष्टात्मा, जादू-टोना, आदि सब भ्रामक बातें है जिन का प्रयोग करके कुछ तथाकथित लोग अपना उल्लू सीधा करते है। उन्होंने बताया कि विज्ञान की तरक्की के इस युग में इन आधारहीन बातों को मनवाने के लिए ठग रूपी सयाने आदि कहलाने वाले लोग कुछ तथाकथित चमत्कार दिखा कर भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं और फिर उनका सब प्रकार से शोषण करते है और सब कुछ लुटवाने के बाद जब पता चलता है कि वो तो ठगे गए हैं तो उन्हें बहुत पछतावा होता है।
विज्ञान शिक्षण का महत्वपूर्ण उद्देश्य यह होना चाहिए कि समाज को इन तथाकथित चमत्कारों से मुक्ति दिलवाई जाए। 

इसी कड़ी के अंतर्गत आज विद्यार्थियों को कुछ चमत्कार कहे जाने वाले विज्ञान प्रयोग करके दिखाए गए जिन में रासायनिक पदार्थों और हाथ की सफाई का इस्तेमाल करके लोगो को मूर्ख बनाया जाता है। सोडियम व पोटाशियम परमेगनेट आधारित आग उत्पन्न करने वाले प्रयोग, द्रवों का रंग बदलना, हल्दी व चूने की अभिक्रिया के प्रयोग करके दिखाए गए। चमत्कारों और जादू के पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों, रासायनिक अभिक्रियाओं और हाथ की सफाई का खुलासा किया गया ताकि लोग इन चमत्कारों से प्रभावित होकर ठगे ना जा सकें।
इस कड़ी में कपिल कुमार व अंशुल काम्बोज ने ने 'भूत नहीं होता' नामक लघु नाटिका का मंचन करके बालकों के मन से भूत-प्रेत अदि अंधविश्वासों का उन्मूलन किया।
इको क्लब और सी वी रमण विज्ञान क्लब की मासिक गतिविधियों के अंतर्गत यह महीना अंधविश्वास उन्मूलन को समर्पित किया गया है। अगले महीने खाद्य पद्धार्थों में मिलावट बारे जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


अखबारों  में 
प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा 
द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)

बुधवार, 30 जनवरी 2013

सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रथम School Beautification award


सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रथम  School Beautification award
बधाइयां बधाइयां .......
मुख्यमंत्री स्कूल सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों की सुन्दरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्कूल सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना चलाई गयी है जिस में विभिन्न बिंदुओं के तहत स्कूलों का निरीक्षण किया जाता है और फिर ब्लाक स्तर, जिला स्तर व राज्य स्तर पर सबसे सुंदर स्कूल को चुना जाता है। इस योजना के बहुत ही बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे है। सभी अध्यापक व विद्यालय प्रबंधन समितियां अपने स्कूल का नाम रोशन करने के लिए काफी रूचि दिखा रहे है। ब्लाक स्तर पर पचास हजार रूपये, जिला स्तर पर एक लाख रूपये व राज्य स्तर पर पांच लाख रुपयों का नगद पुरस्कार दिया जाता है।
गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि मुख्य संसदीय सचिव श्री राम किशन गुर्जर ने अलाहर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र धींगड़ा को डेढ़ लाख रुपयों का चैक, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस की परेड के अवसर पर दर्शन लाल बवेजा, संजय शर्मा, संजय गौतम, नित्यानंद अध्यापक भी तेजली स्टेडियम में उपस्थित रहे। विद्यालय व गाव अलाहर में इस पुरस्कार को प्राप्त करके सभी बहुत खुश हुए।
जिले भर में अलाहर का सरकारी स्कूल विज्ञान, सांस्कृतिक, समाज सेवा, इको क्लब गतिविधियों और अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों में अपना परचम लहरा चुका है
प्रधानाचार्य ने बताया कि यह उनके स्कूली अध्यापकों व बच्चों की मेहनत का ही परिणाम है कि उनके स्कूल को सौंदर्यीकरण के मामले में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के मामले में अब प्रदेशभर में प्रथम स्थान पर रहने वाले स्कूल का चयन किया जायेगा उसके लिए उनके स्कूल की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी है। पुरस्कार में प्राप्त इस धनराशि का प्रयोग स्कूल में सौंदर्यीकरण को बढ़ाने के लिए किया जायेगा।
गौरतलब है कि जिला के एडीसी डाक्टर श्री सतबीर सिंह सैनी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने गत दिनों विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में उन्होंने विद्यालय को बेहतर पाया था।
ग्राम पंचायत के सरपंच श्री महिंदर सिंह ने इस अवसर पर कहा सरकार की इस योजना से अध्यापकों एवं बच्चों का स्वच्छता व सौन्दर्यीकरण के प्रति रुझान बढ़ेगा और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में प्रतियोगिता की भावना जागृत होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जगजीत कौर, उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजपाल, खंडशिक्षा अधिकारी श्री रामेश्वर सैनी ने विद्यालय की इस उपलब्धी पर स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को बधाइयां दी हैं। इस अवसर पर संजय शर्मा, संजय गौतम, सुभाष चंद, रविंदर कुमार, मनोहर लाल, सुनील कुमार, दर्शन लाल, सुनीता, लवलीन, संदीप आदि अध्यापकों का सराहनीय योगदान रहा।

अखबारां  मा .....