बुधवार, 6 जून 2012

विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया World Environment Day

विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया  World Environment Day
आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया  गया इस उपलक्ष्य में  इको रैली ,पेंटिंग प्रतियोगिता और गोष्ठी का आयोजन किया गया, इमली इको क्लब के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए क्लब प्रभारी दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक ने बताया कि दुनिया भर में विश्व पर्यावरण दिवस प्रति वर्ष 5 जून  को मनाया जाता है पर्यावरण का दूषित होना आज वैश्विक चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ है। इसके प्रति चेतना जागृत करने के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन 1972 से हर वर्ष 5 जून को संयुक्त राष्ट्रसंघ के द्वारा आरम्भ किया गया था । विश्व पर्यावरण दिवस मनाये जाने का मुख्य उद्देश्य  पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और आम जनता को पर्यावरण के प्रति प्रेरित करना था। मनुष्य को पृथ्वी पर आनंद पूर्वक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रदूषण को कम करना ही होगा क्यूंकि प्रदूषण न केवल राष्ट्रीय बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय समस्या है। मनुष्य के आसपास जो वायुमंडल है वो पर्यावरण कहलाता है। पर्यावरण का जीवजगत  के स्वास्थ्य एवं जीवन निर्वाह से गहरा सम्बन्ध है। पर्यावरण को स्वच्छ  बनाए रखने में प्रकृति का विशेष महत्व है। प्रकृति का संतुलन बिगड़ा  नहीं कि पर्यावरण दूषित हुआ नहीं। पर्यावरण के दूषित होते ही जीव- जगत रोग ग्रस्त हो जाता है।
  क्लब के सदस्यों के द्वारा इस अवसर पर एक इको मार्च रैली का आयोजन किया गया क्लब सदस्यों ने पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ और पर्यावरण को बचाना है के नारे लगा कर इस दिवस बारे जागरूकता संचार किया, इस अवसर पर एक गोष्टी भी की गयी जिस में अध्यापको ने क्लब सदस्यों को विश्व पर्यावरण दिवस के बारे में बताया। 
जो चंद प्रयास हम अपने स्तर पर कर सकते हैं, उनमें प्रमुख हैं जन्मदिन,विवाह की वर्षगांठ जैसे प्रमुख अवसरों पर एक पेड़ लगायें, मित्रों को उपहार में एक पौधा दें, अनावश्यक नल खुला रख पानी बहता न छोडें, अनावश्यक बिजली की बत्ती जलती न छोडें, गाड़ी धोने या पौधों को पानी देने में इस्तेमाल किया पानी का प्रयोग करें। इस अवसर पर सभी सदस्यों कपिल, हिमांशु,शिवम,ज्योति,निशा,काजल,दिव्या,रणबीर सिंह,
किरण, का योगदान सराहनीय था।
दैनिक  जागरण
 अमर उजाला
प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा  द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)
 

4 टिप्‍पणियां:

बेनामी ने कहा…

राष्‍ट्र की अद्वितीय व अटूट प्राकृतिक संपदा और आदिम जातियों की जिजीविषा के प्रमुख साधन रहे जंगल समूचे भारत में तेजी से लुप्‍त हो रहे हैं। देश का वन विभाग अब तक यह दावा करता रहा था कि भारत के कुल भू-भाग में 19 प्रतिशत जंगल हैं। लेकिन हाल ही में भारतीय वन सर्वेक्षण ने खुलासा किया है कि बीते 10 साल के भीतर 3000 वर्ग किमी जंगलों का सफाया हो चुका है। यदि यही रफ्‍तार जारी रही तो 100 सालों में दो तिहाई घने जंगल नष्‍ट हो जाएंगे। इसके पहले संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ ने उपग्रह के माध्‍यम से दुनिया भर के जंगलों के छायाचित्र लेकर एक रिपोर्ट तैयार की थी, जिसमें सरकारी दावों को पूरी तरह झुठलाते हुए दावा किया था कि देश में केवल आठ प्रतिशत भू-भाग वनाच्‍छादित रह गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 3290 लाख हेक्‍टेयर में फैले भू-क्षेत्र में 1989 तक 19.5 भू-भाग में जंगल थे, जिनकी कटाई 15 लाख हेक्‍टेयर प्रति वर्ष की दर से जारी रही, नतीजतन ये वन घटकर केवल आठ फीसदी बताए गए थे।

बेनामी ने कहा…

वनों का आंकलन दस साल पहले की गई रिपोर्ट में दशाए गए आंकड़ों के तुलनात्‍मक अध्‍ययन से होता है। दस साल पहले देश में कुल 7.83 करोड़ हेक्‍टेयर क्षेत्र में वन थे जो अब घटकर 24 फीसदी शेष बचे हैं। इनका विनाश विकास के बहाने औद्योगिकीकरण की भेंट चढ़ गया। इस रिपोर्ट के अनुसार बीते दो साल के भीतर ही 367 वर्ग किमी वन क्षेत्र नष्‍ट हो गया। इसके चलते देश के कुल क्षेत्रफल में जंगल और पेड़ों की मौजूदगी घटकर 23.81 फीसदी रह गई है, जो 33 फीसदी होनी चाहिए थी। इस स्‍थिति ने जंगल से जुड़े 20 करोड़ लोगों की आजीविका पर संकट के बादल गहरा दिए हैं। आधुनिक और औद्योगिक विकास के चलते पहले भी करीब 4 करोड़ वनवासियों को विस्‍थापित किया जाकर उन्‍हें भगवान भरोसे छोड़ दिया है।

ऐसा नहीं है कि वन केवल हमारे देश में ही नष्‍ट हो रहे हैं ? दुनिया भर में तेजी बढ़ रही आबादी के दबाव और मनुष्‍य द्वारा वन संपदा से ज्‍यादा से ज्‍यादा धन कमाने की लालसा के कारण पूरी दुनिया में जंगलों का दायरा सिकुड़ता जा रहा है। पिछले दस सालों के भीतर वन विनाश में तेजी आई है। ब्राजील में 17 हजार, म्‍यानमार में 8 हजार, इंडोनेशिया में 12 हजार, मेक्‍सिको में 7 हजार, कोलंबिया में 6 हजार पांच सौ, थईलैण्‍ड में 6 हजार, जैरे में 4 हजार और भारत में भी 4 हजार प्रति वर्ग किमी के हिसाब से वनों का विनाश हो रहा है। यानी एक साल में 2 लाख 4 हजार, मसलन 170 लाख हेक्‍टेयर की रफ्‍तार से वन लुप्‍त हो रहे हैं। यदि जंगलों के विनाश का सिलसिला यही रहा तो जंगलों का 4 से 8 प्रतिशत क्षेत्र सन्‌ 2015 तक विलुप्‍त हो जाएगा और 2040 तक 17 से 35 प्रतिशत तक घने वन मिट जाएंगे। 2040 तक इतनी विकराल स्‍थिति सामने आ जाएगी कि 20 से 75 दुर्लभ प्रजातियां प्रतिदिन नष्‍ट होने लगेंगी। आने वाले 15 सालों के भीतर वनस्‍पतियों की 15 प्रतिशत प्रजातियां विलुप्‍त हो जाएंगी।

बेनामी ने कहा…

वनों के इस महाविनाश का सबसे ज्‍यादा खामियाजा हमारे देश को उठाना होगा। क्‍योंकि जैव विविधता की दृष्‍टि से सबसे ज्‍यादा भारत संपन्‍न देश है। ऐसा इसलिए है क्‍योंकि भारत की जलवायु में विविधता है और भौगोलिक बनावट में भी भिन्‍नता है। करीब 3290 लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र में फैले हमारे देश में एक लाख हेक्‍टेयर क्षेत्र में शीतल व तरल जलवायु वाला हिमालय का भूखण्‍ड है। दूसरी तरफ राजस्‍थान और गुजरात के रेगिस्‍तान हैं। जहां केवल 20 सेंटीमीटर एक साल में औसत वर्षा होती है। इसके ठीक विपरीत असम के कुुछ ऐसे भू-भाग हैं, जहां वर्षा का वार्षिक औसत 1100 सेंमी है। लगभग 7500 किमी लंबे हमारे समुद्र तट हैं, जहां समुुद्री जीव और वनस्‍पतियों का अनूठा भण्‍डार हैै।

प्रकृति की इस अद्वितीय संरचना के कारण ही दुनिया में जितनी भी जैव विविधता है, उसमें 64 प्रतिशत दुर्लभ वन्‍य जीव और 7 प्रतिशत वनस्‍पतियों की धरोहर आज भी अकेले भारत में है। जबकि भारत के वन विश्‍व वनों के अनुपात में 15 प्रतिशत से भी अधिक जनसंख्‍या का दबाव झेलना होता है। प्रति व्‍यक्‍ति 0.80 हेक्‍टेयर वन क्षेत्र के विश्‍व अनुपात की तुलना में हमारे यहां केवल 0.11 हेक्‍टेयर प्रति व्‍यक्‍ति से भी कम वनभूमि उपलब्‍ध है। इसके बावजूद भी हमारा राष्‍ट्र जैव संपदा की दृष्‍टि से बेहद सम्‍पन्‍न है।

पूरी दुनिया में जीवों और वनस्‍पतियों की एक करोड़ प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें अभी तक 14 लाख जीवों व वनस्‍पतियों की पहचान कर उन्‍हें सूचीबद्ध किया गया है। इनमें से 50 से लेकर 90 प्रतिशत प्रजातियां भारत के जंगलों में पाई जाती हैं। इससे सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि भारत के जंगल कितने उपयोगी हैं। भारत में कुल 81 हजार प्राणी प्रजातियां और 45 हजार पेड़-पौधों की प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें से एक तिहाई यानी 15 हजार प्रजातियां उच्‍च वर्गीय पेड़ों की हैं और बाकी दो तिहाई निम्‍नवर्गीय प्रजातियों में 23 हजार फंफूद, करीब 12 हजार कवक, 2 हजार लाईकेंस, एक हजार टेविडोफाइट, 3 हजार ब्रायोफाइट और 64 जिमोस्‍पर्म की प्रजातियां शामिल हैं। उच्‍चवर्गीय पौधों (फ्‍लावरिंग प्‍लांट) की करीब 30 प्रतिशत प्रजातियां इंडेमिक हैं। लेकिन इनमें से एक हजार पांच सौ प्रजातियां विलुप्‍तता के एकदम निकट हैं। जंगलों के हो रहे विनाश से ऐसे हालात निर्मित हुए हैं। संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ की एक रिपोर्ट के अनुसार जंगलों के नष्‍ट होने के कारण दुनिया की 25 प्रतिशत भूमि रेगिस्‍तान में तब्‍दील हो गई। करीब 8 करोड़ 70 लाख वर्ग किलोमीटर भूमि वनों के नष्‍ट होने से मरूस्‍थल में बदल गई। भारत में 286 लाख वर्ग किमी रेगिस्‍तान का विस्‍तार केवल वन विनाश से हुआ है। भारत में वन विनाश की गति 15 लाख हेक्‍टेयर वार्षिक है। इस कारण भी यहां रेगिस्‍तान तेजी से बढ़ रहा है।जंगलों के विनाश के कारण भू-क्षरण में भी तेजी आई है। दुनिया में 2600 करोड़ टन मिट्‌टी की पृथ्‍वी पर ऊपरी परत है, जो बरसात में जल धाराओं से कटाव आ जाने के कारण निरंतर समुद्र में समाती जा रही है। देश में भू-क्षरण की रफ्‍तार 1200 करोड़ टन है। लिहाजा प्रति मिनट पांच हेक्‍टेयर भूमि का क्षरण हो रहा है। प्रत्‍येक बरसात में एक हेक्‍टेयर भूमि में से 16.35 टन मिट्‌टी बह जाती है। यदि इस दिशा में सुधार नहीं किया गया तो अगले 20 सालों में एक तिहाई कृषि भूमि नष्‍ट हो जाने की आशंका है। वर्तमान में अकेले भू-क्षरण के कारण प्रति वर्ष 2800 करोड़ रूपए का नुकसान हो रहा है।देश का अधिकारी वर्ग अपने दामन को पाक साफ बनाए रखने के लिए वन विनाश के दो प्रमुख कारण गिनाता रहता है। एक तो प्राकृतिक दावानल, दूसरे लकड़ी काटकर बेचने के व्‍यवसाय से जुडे़ गरीब लोग। इस कारोबार से करीब 23 लाख लोगों की रोजी-रोटी चलती है। बहुधा अब प्राकृतिक कारणों से जंगलों में आग बहुत कम लगती है। लगती भी है तो उस पर काबू पा लिया जाता है। जब पृथ्‍वी पर जंगलों की बहुतायात थी और जंगल एक दूसरे से जुड़े हुए थे तब आंधी आने अथवा तेज हवाएं चलने पर बांस जंगलों में दो बांसों के टकराने से घर्षण पैदा होने पर जो चिंगारियां निकलती थी, वे जंगलों को दावानल में तब्‍दील करने का प्रमुख कारण बनती थीं। लेकिन अब न तो बांस के जंगल रहे और न ही जंगल हजारों वर्ग किलो मीटर क्षेत्र में एक दूसरे से गुथे हैं। इसलिए दावानलों का संकट अब अतीत की बातें भर हैं। वैसे भी इस सिलसिले में सर्वेक्षण और विश्‍लेषण के बाद जो नतीजे सामने आए हैं, उनमें जंगलों के प्राकृतिक विनाश के कारण केवल पांच प्रतिशत हैं।

बेनामी ने कहा…

खासतौर से ग्रामीण इलाकों में ईंधन की समस्‍या के लिए वनों का विनाश हो रहा है। यदि वनों की कटाई इसी रफ्‍तार से होती रही तो 2030 तक जलाऊ लकड़ी की भीषण समस्‍या पैदा होगी। पर्यावरण और वन मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में देश में प्रति वर्ष 33 करोड़ टन लकड़ी के ईधन की जरूरत पड़ती है। जिसे मौजूदा वनों की स्‍थिति देखते हुए कदापि पूरा नहीं किया जा सकता। देश की संपूर्ण ग्रामीण आबादी लकड़ी के ईंधन पर निर्भर है। फिलहाल कोई ठीक विकल्‍प भी सामने नहीं है। ईंधन की इस समस्‍या को व्‍यापक स्‍तर पर केंद्रित कर उसके दीर्धकालिक विकल्‍प के बारे में सोचना बहुत जरूरी है। ग्रामीणों के लिए वर्तमान में ईंधन की तीन सुविधाएं सुलभ है। लकड़ी, गोबर के कंडे और कैरोसिन। रसोई गैस प्रणाली और सौर ऊर्जा (जिसके अंतर्गत सौर चूल्‍हे का जिक्र किया जाता है) का विस्‍तार कितना भी क्‍यों न हो, ये ईंधन के अभी आंशिक विकल्‍प भी नहीं बन पाए हैं। यदि कालांतर में कैरोसिन, सौर चूल्‍हे और रसोई गैस की आपूर्ति पर्याप्‍त नहीं होती है तो पर्यावरणीय असंतुलन के हालात और भयावह होंगे। ईंधन की समस्‍या के हल के लिए वन मंत्रालय ने 1990-91 में एक योजना तैयार की थी, जिसके तहत लकड़ी की खपत को पूरा करने के लिए आने वाले बारह सालों में व्‍यापक स्‍तर पर वन रोपण की योजना थी, लेकिन सरकारी अन्‍य योजनाओं की तरह यह योजना भी कागजी घोड़े दौड़ाने की तरह तुर्रा साबित हुई और समस्‍या यथावत न रहकर विकराल होती जा रही है।

वन भूमि को कृषि कार्य करने के संदर्भ में जो अतिक्रमण हो रहे हैं, उससे भी वनों का विनाश बहुत बड़े स्‍तर पर हो रहा है। वोट की राजनीति और प्रशासनिक शिथिलता के चलते मध्‍य-प्रदेश में 2001 तक 44384 वर्ग किमी क्षेत्रफल में घने जंगल मौजूद थे। लेकिन बीते डेढ़ दशक के भीतर ये घटकर 41626 वर्ग किमी क्षेत्रफल में सीमट गए। ऐसा भूमण्‍डलीय आर्थिक उदावादी नीतियों के चलते हुआ। पूरे देश में जितना वनों का विनाश हुआ है, उसका 43 फीसदी अकेले मध्‍य-प्रदेश में हुआ है। प्रदेश के गठन के समय प्रदेश में 39 प्रतिशत वन थे, जो घटकर 20 प्रतिशत हुए और अब केवल 8 प्रतिशत बताए जा रहे हैं। पिछले 40 सालों में वनभूमि पर अतिक्रमण, बांध बनाने के लिए वन भूमि को कृषि भूमि में परिवर्तित करने और ठेकेदारों व अन्‍य माध्‍यमों से की गई नाजायज कटाई के कारण हर साल प्रदेश की वन भूमि का विनाश हो रहा है। शहरीकरण के बढ़ते दबाव के साथ-साथ इमारती लकड़ी की चोरी व तस्‍करी ने भी प्रदेश के वनों को क्षति पहुंचाई। प्रदेश की मौजूदा सरकार वन विनाश का एक कारण बनी हुई है। इस सरकार ने पेड़ों की 15 प्रजातियां छोड़ बाकी पेड़ों को काटने के नियमों में ढिलाई दे दी। इससे वन माफिया वन विनाश में बड़ चढ़कर लगा है। यदि वनों के विनाश को सख्‍ती से काबू नहीं किया जाता तो हालात विकराल होना तय है।